Saroj Khan का कार्डिएक अरेस्ट के चलते 71 साल की उम्र में हुआ निधन

बॉलीवुड की मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान का आज (3 जुलाई) कार्डियक अरेस्ट की वजह से निधन हो गया है। सरोज खान ने आज सुबह 1 बजकर 52 मिनट पर बांद्रा के गुरु नानक हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। सरोज खान के देहांत की खबर सुनकर पूरे बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है। बीते एक हफ्ते से सरोज खान हॉस्पिटल में ही भर्ती थींं। सांस में दिक्कत होने की वजह से 17 जून को सरोज खान के परिवार ने उनको हॉस्पिटल में एडमिट करवाया था। सरोज खान डायबिटीज से भी पीड़ित थीं।
हॉस्पिटल में जाने के बाद सरोज खान का कोरोना वायरस टेस्ट भी करवाया गया था जो कि निगेटिव निकला था। कुछ समय पहले ही सरोज खान की बेटी शुकीना ने सोशल मीडिया के जरिए इस बात की जानकारी दी थी। शुकीना ने सरोज खान की सेहत के बारे में बात करते हुए लिखा था कि, 'हां मेरी मां इन दिनों अस्पताल में भर्ती हैं। उनको सांस लेने में तकलीफ हो रही है। उनका कोरोना टेस्ट निगेटिव आया है। डॉक्टर्स का कहना है कि ठंड की वजह से उनको सांस लेने में परेशानी हो रही है। हमें उम्मीद है कि वह जल्द ही ठीक हो जाएंगी उनके लिए बस दुआएं करते रहिए।'
सूत्रों की मानें तो आज सरोज खान का अंतिम संस्कार किया जाएगा। मलाड के मालवाणी कब्रिस्तान में सरोज खान का पार्थिव शरीर को सुपुर्द एक खाक होगा। सरोज खान के देहांत की खबर सुनकर बॉलीवुड सितारे हैरान हैं। कोरोना के कहर के बीच एक एक करके बॉलीवुड अपने चमकते सितारे खोता चला जा रहा है। ऋषि कपूर, इरफान खान और सुशांत सिंह राजपूत जैसे सितारों के बाद सरोज खान ने भी इस दुनिया को अलविदा कह दिया है।
सरोज खान ने अपने बॉलीवुड करियर में लगभग 2 हजार गानों को कोरियोग्राफ किया था। सरोज खान अपनी शानदार कोरियोग्रफी के चलते तीन बार नेशनल अवॉर्ड्स भी जीत चुकी थीं। सरोज खान के देहांत के बाद उनके पति बी. सोहनलाल, बेटे हामिद खान और बेटियां हिना खान और सुकन्या खान अकेले रह गए हैं।
No comments